मंडी: सुंदरनगर में डिलीवरी बॉय से मारपीट पर बवाल, थाने के बाहर देर रात तक चला प्रदर्शन
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में एक डिलीवरी बॉय के साथ हुई मारपीट की घटना ने देर रात तक माहौल को तनावपूर्ण बनाए रखा। घटना के विरोध में सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए और सुंदरनगर पुलिस थाना के बाहर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद एक रेस्टोरेंट में उस समय शुरू हुआ जब 25 वर्षीय डिलीवरी बॉय दीपक, निवासी गांव बाड़ी, ऑर्डर लेने पहुंचा था। दीपक का आरोप है कि ऑर्डर तैयार होने के बाद रेस्टोरेंट मालिक धीरज जम्वाल ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और बाद में अपने एक साथी के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी।
![]()
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, एक दांत टूट गया, कपड़े फट गए और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। साथ ही करीब 2 हजार रुपये छीनने का भी आरोप है।
वहीं, रेस्टोरेंट मालिक धीरज जम्वाल ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि विवाद की शुरुआत डिलीवरी बॉय की ओर से हुई थी, जिसने गाली-गलौज करते हुए हेलमेट से हमला किया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया और रात करीब 12 बजे तक लोग थाने के बाहर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।












