तिरुपति मंदिर में भगदड़, 6 की मौत, 40 श्रद्धालु घायल
आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर में बुधवार देर रात वैकुंठ द्वार दर्शन टिकट काउंटर के पास भगदड़ मच गई। इस हादसे में एक महिला समेत 6 लोगों की मौत हो गई और 40 लोग घायल हो गए हैं। ट्रस्ट के सदस्य भानु प्रकाश ने बताया कि टिकट के लिए 91 काउंटर खोले गए थे। काउंटर के पास 4 हजार से ज्यादा श्रद्धालु लाइन में खड़े थे। आगे जाने की होड़ में अफरा-तफरी मची और भागने के दौरान लोग एक-दूसरे पर चढ़ गए। वहीं, आंध्र प्रदेश सरकार ने भगदड़ में मारे गए श्रद्धालुओं के परिजनों को 25-25 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री नायडू ने अस्पताल पहुंचकर कर घायलों का हाल जाना। उन्होंने फोन पर उच्च अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और घटनास्थल पर जाकर राहत उपाय करने का आदेश दिया है, ताकि घायलों को बेहतर उपचार मिल सके। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम जगन मोहन रेड्डी ने हादसे पर दुख जताया है।