जोगिंद्रनगर में जोमैटो की एंट्री, अब चंद मिनटों में मिलेगा पसंदीदा खाना
जोगिंद्रनगर में ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेवा जोमैटो जल्द ही अपनी सेवाएं शुरू करने जा रही है। होटल उहल में जोमैटो की टीम ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ बैठक की, जिसमें स्थानीय रेस्टोरेंट, मिठाई विक्रेताओं, ढाबा और बेकरी संचालकों ने भाग लिया। इस बैठक में जोमैटो के मार्केटिंग अकाउंट हेड कमलकांत और लॉजिस्टिक एरिया मैनेजर ने व्यापारियों को लिस्टिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी और उनकी शंकाओं का समाधान किया। बैठक के दौरान कई व्यापारियों ने अपने दस्तावेज़ वेरीफाई कराकर जमा करवाए, जिससे उनकी लिस्टिंग प्रक्रिया पूरी हो गई। एचएचआरडी यूनियन के अध्यक्ष एवं ओनम ट्रीट रेस्टोरेंट के एमडी समीर राधिका सूद के प्रयासों से जोगिंद्रनगर को जोमैटो प्लेटफॉर्म से जोड़ने की पहल की गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष भास्कर गुप्ता और महासचिव सतवीर शर्मा ने भी इस मुहिम में अपनी अहम भूमिका निभाई। जोमैटो टीम के मार्केटिंग अकाउंट हेड कमलकांत ने व्यापार मंडल जोगिंद्रनगर स्थानीय व्यापारियों से इस प्लेटफॉर्म का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया उन्होंने आश्वासन दिया कि जोगिंद्रनगर को जल्द ही जोमैटो पर लाइव कर दिया जाएगा, जिससे ग्राहकों को ऑनलाइन फूड डिलीवरी की सुविधा एक क्लिक में मिल सकेगी।












