अधिक से अधिक युवाओं को जोड़े युकां: प्रतिभा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों से एकजुट होकर आगे बढ़ने व अपने साथ अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को युवा कांग्रेस का चुनाव जीतने की बधाई देते हुए कहा कि उन पर अब पार्टी की नई जिम्मेदारी है जिसे उन्हें सफलता पूर्वक पूरा करना है। उन्होंने कहा है कि उन्हें एक लक्ष्य के साथ युवा कांग्रेस को मजबूत करने की आवश्यकता करना है। मंडी जिला की नव निर्वाचित युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों की एक बैठक में विशेष अतिथि शिरकत करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्हें एनएसयूआई को भी अपने साथ लेकर आगे आना चाहिए। प्रतिभा सिंह ने युवा कांग्रेस से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 25 मार्च को संसद घेराव में बढ़चढ़ कर भाग लेने को कहा। इससे पूर्व सुंदरनगर के पूर्व विधायक पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि वह सब चुन कर युवा कांग्रेस के पदाधिकारी बने है। उन्होंने कहा कि यह उनका पहला चुनाव था और यह उनका राजनीति में पहला कदम है। उन्होंने उन्हें इन चुनावों की जीत की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मिल्क फेड के पूर्व अध्यक्ष चेतराम ठाकुर ने भी युवा कांग्रेस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिये कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ खड़ी है और वह जिस भी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा करेंगे प्रदेश कांग्रेस उनका पूरा सहयोग करेगी।












