लांगना पंचायत में पानी की किल्लत, 40 साल पुरानी पाइप लाइन बनी परेशानी
गर्मियों से पहले ही लांगना पंचायत में पानी की भारी किल्लत शुरू हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पानी की सप्लाई सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। लांगना जागृति मंच के महासचिव ठाकुर सिंह वर्मा ने जल शक्ति विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि कोल से डबरेहल टैंक तक बिछाई गई पाइप लाइन करीब 40 साल पुरानी हो चुकी है और जगह-जगह से फट गई है। उन्होंने कहा कि जब पानी प्रेशर से भेजा जाता है तो वह पाइपों से लीक होकर बह जाता है और डबरैहल टैंक तक नहीं पहुंच पाता। कई जगह पाइप को लकड़ी के टुकड़ों से रोका गया, लेकिन वे टिक नहीं रहे। वेल्डिंग से भी समस्या हल नहीं हो रही। ग्रामीणों का आरोप है कि टैंक का बोरवेल स्लैब पिछले एक साल से टूटा हुआ है, जिससे उसमें जीव-जंतु और सांप तक गिर रहे हैं। दूषित पानी की सप्लाई से लोग बीमारियों के खतरे से जूझ रहे हैं। लांगना जागृति मंच के सदस्यों ने कई बार जल शक्ति विभाग को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन विभागीय अधिकारी सिर्फ टालमटोल कर रहे हैं। मंच के महासचिव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण जल शक्ति कार्यालय का घेराव कर सकते हैं। इस संबंध में जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता शशि भूषण ने कहा कि लांगना की पेयजल समस्या का समाधान जल्द किया जाएगा।












