विजय सहदेव बने रोटरी 3070 के सत्र 2027-28 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, अमृतसर में हुए चुनावों में 85 वोट पाकर जीता चुनाव
जोगिंद्रनगर हिमाचल, पंजाब, जम्मू और लेह-लद्दाख के करीब 126 रोटरी क्लबों के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के चुनाव में रोटेरियन विजय सहदेव ने जीत हासिल की है। उन्हें रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3070 के सत्र 2027-28 के लिए गवर्नर चुना गया है। यह चुनाव पंजाब के अमृतसर में हुए दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान संपन्न हुआ। रोटरी क्लब जोगिंद्रनगर के अध्यक्ष अमर सिंह जसवाल और चार्टर अध्यक्ष अजय ठाकुर ने जानकारी दी कि विजय सहदेव आगामी सत्र में मंडी, कुल्लू, बिलासपुर, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना समेत पंजाब, जम्मू और लेह-लद्दाख के अधीन आने वाले रोटरी क्लबों की बागडोर संभालेंगे। इस चुनाव में मंडी जिले के जोगिंद्रनगर, सुंदरनगर, नेरचौक, सुकेत, मंडी-1, मंडी-2 और कांगड़ा जिले के पालमपुर, शाहपुर, धर्मशाला सहित कई रोटरी क्लबों के अध्यक्षों ने मतदान किया। चुनाव में विजय सहदेव को 85 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी पवन कपूर को 39 वोट और तीसरे उम्मीदवार आतमजीत सिंह को 10 वोट प्राप्त हुए। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नरों पीडीजी अरुण कपूर (अमृतसर), पीडीजी डॉ. यू.एस. घई (जालंधर) और पीडीजी डॉ. दुष्यंत चौधरी (जम्मू) ने की। इस अवसर पर मौजूदा सत्र 2024-25 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर परविंद्र सिंह ग्रोवर, 2025-26 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोहित ओबेरॉय और 2026-27 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनिल सिंगल भी उपस्थित रहे।












