जोगिंद्रनगर-सरकाघाट हाईवे पर गड्ढों से परेशान दुकानदारों ने खुद भरी सड़क
जोगिंद्रनगर-सरकाघाट राज्य राजमार्ग की जर्जर हालत से परेशान स्थानीय दुकानदारों ने मंगलवार को स्वयं सड़क के गड्ढों को भरने का कार्य किया। नरेंद्र ठाकुर, भारत भूषण, विशाल शर्मा और हेम सिंह ने मिलकर सड़क के गहरे गड्ढों में मिट्टी और रोड़ी डालकर उन्हें समतल किया। विशाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जब भी बारिश के पानी से भरे गड्ढों में तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं, तो गड्ढों का पानी उछलकर दुकानों में चला जाता है, जिससे व्यापारियों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि कई बार लोक निर्माण विभाग से इन गड्ढों को भरने की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने विभाग से अपील की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि दुर्घटनाओं और असुविधा से बचा जा सके।












