वल्लभ कॉलेज में बहुप्रतीक्षित वार्षिक चित्रकला प्रदर्शनी लगाई
वल्लभ महाविद्यालय मंडी के चित्रकला विभाग द्वारा सोमवार को बहुप्रतीक्षित वार्षिक चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विभाग के प्रतिभाशाली छात्रों द्वारा निर्मित सौ से अधिक उत्कृष्ट चित्रों का प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शनी में अद्भुत विविधता देखने को मिली, जिसमें मनमोहक परिदृश्य, बारीक पेंसिल से बनाए गए सुंदर चित्र और मंडी के ऐतिहासिक स्थलों तथा समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली जलरंग चित्रकृतियां शामिल थी। कार्यक्रम का उद्घाटन वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी मंडी की प्राचार्य प्रो. सुरीना शर्मा ने किया और छात्रों की सृजनात्मकता व समर्पण की सराहना की। चित्रकला विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. मुजीब हुसैन ने बताया कि 2017 में इस विषय को स्नातक पाठ्यक्रम के रूप में शामिल किए जाने के बाद से विभाग ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि कला के प्रति छात्रों की बढ़ती रुचि के चलते विभाग में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।












