विधानसभा में फिर गूंजा बल्ह घाटी का मुद्दा, विधायक इंद्र सिंह गांधी ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
बल्ह विधानसभा क्षेत्र का मुद्दा एक बार फिर से विधानसभा में गूंजा। जल शक्ति विभाग व हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपरांत बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने विधानसभा सत्र के दौरान सदन में नगर परिषद नेर चौक व नगर निगम मंडी की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए। विधायक ने प्रश्न संख्या 2564 के तहत विधायक निधि व सांसद निधि के माध्यम से नगर परिषद व नगर निगम को आवंटित की गई धनराशि को विकास कार्यों पर खर्च करने को लेकर सवाल उठाया था जिसके जवाब में विभाग ने प्रशासनिक कारणों से 41 लाख रुपए खर्च न कर पाने का जवाब दिया था। जिस पर सदन में एतराज जाहिर करते हुए विधायक इंद्र सिंह गांधी ने नगर परिषद नेर चौक व नगर निगम मंडी की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद नेरचौक व नगर निगम मंडी में बल्ह विधानसभा क्षेत्र से शामिल हुए बैहना वार्ड में विधायक व सांसद निधि के माध्यम से दो करोड़ 44 लाख रुपए की धनराशि जारी की गई थी जिसमें से नगर परिषद नेर चौक के पास अभी भी 40 लाख 70 हजार रुपए की राशि पेंडिंग पड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि यह बड़ी शर्म की बात है। नगर परिषद का कार्यकाल पूर्ण होने जा रहा है। बावजूद इसके स्वीकृत धनराशि में से लाखों रुपए खर्च न करना जनता के साथ सरासर अन्याय है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद नेरचौक व नगर निगम के दौंहदी वार्ड में त्रासदी के समय जारी धनराशि भी खर्च नहीं की गई है। इन वार्डो को त्रासदी के समय सरकार की ओर से कोई भी ग्रांट नहीं दी गई ऊपर से विधायक प्राथमिकता का पैसा भी दबा कर रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह सब सरकार व अधिकारियों की मिली भगत से हो रहा है। इंद्र सिंह गांधी ने इससे पूर्व हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रस्तावित रिवालसर व नेरचौक बस अड्डे का मुद्दा उठाकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे। इसके अलावा जल शक्ति विभाग के बग्गी डिवीजन द्वारा सिंचाई योजनाओं को लेकर गलत जानकारी देने पर विभाग की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठाकर अधिकारियों को खूब खरी खोटी सुनवाई थी।












