सुंदरनगर नगर परिषद का 21.78 करोड़ का बजट पास, बिना नए टैक्स के विकास कार्यों पर जोर
हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी नगर परिषद नगर परिषद सुंदरनगर ने वर्ष 2025 -26 के लिए अपना सालाना अंतिम बजट पारित कर दिया है। इस बार नगर परिषद ने 21 करोड़ 78 लाख 80 हजार रुपए का बजट एक वर्ष के लिए पारित किया है। इसमें से 17 करोड़ 49 लाख 91 हजार 744 रुपए व्यय करने का लक्ष्य तय किया गया है। नगर परिषद के अध्यक्ष जितेंद शर्मा ने बताया कि नगर परिषद का यह इस सदन का आखरी बजट है और इस बार भी बजट में किसी भी नए कर का प्रावधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि 21 करोड़ से ज्यादा के इस बजट में 17 करोड़ के करीब खर्च करने का लक्ष्य सदन ने तय किया गया है। इस बजट में शहर को सुंदर स्वच्छ और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाओं में पैसा खर्च किया जाएगा। इसमें 15 वे वित्त आयोग के तहत 5 करोड़, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 20 लाख, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 80 लाख खर्चे जाएंगे। इसके अलावा अन्य मदों पर भी यह खर्च प्रस्तावित किया है। नगर परिषद अपने आय के स्त्रोत बढ़ाने के लिए पहले से ज्यादा सशक्त हुआ है। यही वजह है कि गृह कर से ही इस बार तीन करोड़ की आय प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले वर्षों में जहां यह आय 30 से 35 लाख होती थी। गत वर्ष नगर परिषद ने गृह कर से दो करोड़ तक आय अर्जित की है। इस साल इससे तीन करोड़ की आय कमाने के लिए समय पर गृह कर न देने वालो की पहचान कर उन्हें कर देने के लिए जबाबदेह किया जाएगा। जबकि शहर की पर्किंग से 40 लाख तक आय कमाने का लक्ष्य रखा गया है।शहर में पुस्तकालय में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए तीन लाख के करीब खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद अपनी कार्यकुशलता से इन चार सालों में काफी तरक्की पर है, जबकि कई पुरस्कार नगर परिषद सुंदर नगर को इसकी कार्यकुशलता से मिले है। इसका सबसे बड़ा कारण यही है कि नगर परिषद ने बजट में पारदर्शिता से जितना लक्ष्य रखा था वह पूरा भी किया है। इसके अलावा नए आय के स्त्रोत प्रभावी बनाने के लिए भी ततपरता से काम किया गया। इस मौके पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हितेश शर्मा, उपाध्यक्षा रक्षा धीमान, कल्पना वर्मा,विनोद सोनी,शिव सिंह सेन,कृष्णा कुमारी,गीता कुमारी, ललिता ठाकुर, गम्भरी देवी, नरेश वर्मा, चिंता डोगरा, पार्वती शर्मा, गोपाल कृष्ण कपूर, राम सिंह, राजेश शर्मा, रवि शंकर, सोमकृष्ण शर्मा सहित सभी पार्षद और कर्मचारी उपस्थित रहे।












