राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला 1 अप्रैल से, देवताओं की भव्य जलेब के साथ होगा शुभारंभ
राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला जोगिंद्रनगर का शुभारंभ एक अप्रैल को देवताओं की भव्य जलेब के साथ होगा। चौहार घाटी के आराध्य बड़ा देव श्री हुरंग नारायण व पहाड़ी बजीर देव श्री पशाकोट की अगुवाई में देवी देवताओं की भव्य जलेब निकलेगी। मेला समिति ने इस बार लगभग एक सौ से अधिक देवी देवताओं को मेला में भाग लेने का निमंत्रण दिया है। इस बात की पुष्टि करते हुए मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम जोगिंद्रनगर मनीश चौधरी ने बताया कि राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला के शुभारंभ के लिए मेला समिति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जोगिंद्रनगर पहुंचने पर देव श्री हुरंग नारायण व देव श्री पशाकोट सहित अन्य सभी देवी देवताओं का भव्य स्वागत किया जाएगा। बड़ा देव श्री हुरंग नारायण व देव श्री पशाकोट की अगुवाई में देवी देवताओं की भव्य जलेब निकाली जाएगी। ऐतिहासिक लघु शिवरात्रि मेले को लेकर जोगिंद्रनगर में तैयारियां जोरों पर हैं। दुकानदार अपनी दुकानें सजा रहे हैं।बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगाने का काम भी शुरू हो गया है।विभिन्न विभागों द्वारा मेले के लिए प्रवेश द्वार (गेट) लगाने का कार्य तेज कर दिया गया है, जिससे मेले में आने वाले लोगों को सुव्यवस्थित प्रवेश मिल सके। जोगिंद्रनगर प्रशासन ने मेले को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। सफाई व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। अधिकारियों ने बताया कि मेले के दौरान किसी भी अव्यवस्था से बचने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। नगर परिषद को सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेले में बच्चों और युवा वर्ग के लिए विशेष आकर्षण झूले लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। झूला कारीगर भी मेले के लिए अपनी तैयारियां कर रहे हैं। इस बार मेला मैदान में और अधिक झूले लगाए जाने की उम्मीद है। मेले में उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने बताया कि मेले के दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी और मेले में अस्थायी पुलिस चौकियां भी स्थापित की जाएंगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मुख्य मार्गों पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे।












