तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, युवक की मौत
चंडीगढ़ मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह के नजदीक नौ मील में एक स्कूटी और स्कॉर्पियो की भिड़ंत हो गई। इसमें स्कूटी चालक बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक चौक पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान देर रात को उसने दम तोड़ दिया। मृतक पीरा राम 44 वर्ष दुर्घटनास्थल के साथ ही महरन गांव का निवासी था। जो मिस्त्री का काम करने के बाद रात 9 बजे अपने घर आ रहा था। घर पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने शुक्रवार पीरा राम का अंतिम संस्कार कर दिया। तहसीलदार सदर मंडी ने पीड़ित परिवार को जिला प्रशासन की ओर से फौरी राहत के रूप में 25 हजार की सहायता उपलब्ध करवाई। मृतक पीरा राम एक निर्धन परिवार का मुखिया था। उसके 5 बेटियों के बाद एक बेटा हुआ है। अब इनके परिवार का पालन-पोषण इनकी पत्नी के लिए बड़ी चुनौती होगा। पुलिस चौकी पंडोह के प्रभारी अनिल कटोच ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हमने मामला दर्ज कर लिया है तथा स्कार्पियो गाड़ी को कब्जे में ले लिया है, जांच जारी है।












