एसपी मंडी ने संधोल में चिट्ठे के खिलाफ जनता को किया जागरूक
हिमाचल प्रदेश में बढते नशे के प्रभाव को देखते हुए मंडी जिला पुलिस नशे के विरुद्ध एक विशेष अभियान चला रहा ही। इसी कड़ी में मंगलवार को धर्मपुर उपमंडल के संधोल तहसील क्षेत्र में इस अभियान का आगाज हुआ जिसमें जिले की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की जिसमें आजकल बढ़ रहे नशे के खिलाफ पुलिस, प्रशासन और स्थानीय नुमाइंदों के साथ मिलकर लड़ाई लड़ने के लिए एकजुट हुए। लोक निर्माण विश्राम गृह संधोल के प्रांगण में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय पुलिस, प्रशासन, जनता के नुमाइंदे समेत सभी विभिन्न विभागों के अधिकारी एकत्रित हुए और नशे के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए इसे उखाड़ फेंकने पर रणनीति बनाई गई। डीएसपी संजीव सूद ने मुख्यातिथि साक्षी वर्मा को शाल और टोपी तथा स्मृतिचिन्ह भेट कर स्वागत सम्मान किया। मुख्यातिथि साक्षी वर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन पर सभी कर्मियों, अधिकारियों और लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि वे आज के इस कार्यक्रम के द्वारा यह संदेश देना चाहते है कि पुलिस नशे को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए तत्पर हैं, उन्होंने उपस्थित लोगों को बताया कि स्थानीय पुलिस को नशे से संबंध में कोई भी जानकारी हो तो तुरंत दें साथ ही उन्होंने लोगों से किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में न लेने का आह्वान किया उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि कि लोग केवल जानकारी दें बाकी की कार्रवाई पुलिस खुद करेगी। वर्मा ने उपस्थित लोगों को किसी से भी नशा पकड़ने के बाद की पुलिस की कार्यप्रणाली की भी विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने नशे के खात्मे के लिए उपस्थित लोगों से सीधे संवाद करते हुए लोगों के सुझाव लिए और शिकायतें सुनी। उधर, डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने भी आए सभी लोगों से अनुरोध किया कि अपने बच्चों पर नजर रखे, उनके असामान्य व्यवहार को अनदेखा न करें। बच्चों को नशे पर जागरूक करें। उन्होंने बताया कि लोग अपने आस पड़ोस में नशे की संदिग्ध गतिविधि की खबर पुलिस को दें। उन्होंने बताया कि चिट्ठे की ओवरडोज से आए दिन मौतें हो रहीं है इससे बचने के लिए सभी को आगे आना पड़ेगा। इस अवसर पर स्थानीय नागरिक अस्पताल से आए चिकित्सा अधिकारी निशांत ठाकुर ने नशे के विभिन्न रूपों और इसके दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला और इससे बचने के लिए सभी को एकजुट होने का आवाहन किया। स्थानीय पाठशाला से सेवानिवृत प्रधानाचार्य दिनेश जमवाल ने मंच का संचालन किया और नशे के प्रभाव और बचाव के लिए टिप्स बताए। मौके पर जिला परिषद सदस्य दतवाड़ मीना कुमारी, बीडीसी सदस्य प्रवीन कुमार, भोला देवी, प्रधान नेरी पंचायत जितेंद्र जमवाल, सोहर पंचायत प्रधान इंदु कुमारी सहित दर्जनों पंचायतों के नुमाइंदे, डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद, पूर्व जिप सदस्य और प्रधान दुनी चंद, अंजना कुमारी, समाजसेवी प्रेम चंद गुलेरिया, रिटायर्ड कर्नल खेम चंद, सेवानिवृत्त कमांडेंट रविंद्र सिंह, दर्जनों आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा आशा वर्कर सहित करीब तीन सौ लोग मौजूद रहे।












