एसडीएम ने किया मंडी-पठानकोट निर्माणाधीन सड़क के कार्य का निरीक्षण
उपमंडलाधिकारी, (ना) सदर मंडी ओमकांत ठाकुर ने आज राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन मंडी-पठानकोट सड़क का निरीक्षण किया। इस अवसर पर ओमकांत ठाकुर ने सड़क से क्षतिग्रस्त होने वाले मकानों के मूल्यांकन के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय उच्च मार्ग तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को राईट ऑफ वे के बाहर के मामलों में समयबद्ध तरीके से कार्यवाही करने को भी कहा ताकि प्रभावितों को नुकसान का उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्य में लगे ठेकेदारों तथा राष्ट्रीय उच्च मार्ग के अधिकारियों को वैज्ञानिक तरीके से सड़क की कटिंग करने के भी निर्देश दिए। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रभावितों को नुकसान की भरपाई के लिए जिन दस्तावेजों की आवश्यकता हो, उन्हें बिना किसी रूकावट के उपलब्ध करवाएं।












