विस में बोले सरकाघाट विधायक, आपदा से हुए नुकसान के बाद सरकार ने क्या किया
सरकाघाट के विधायक दिलीप ठाकुर ने विधानसभा में संबंधित मंत्री से पूछा कि वित्तीय वर्ष 2023-2024 में सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के बाद सरकार द्वारा क्या सुरक्षा व्यवस्था की गई। भारी बारिश के कारण भूमि, घरों तथा सड़कों को गंभीर क्षति पहुंची है। सरकार द्वारा सुरक्षा दीवार तथा क्या अन्य सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
संबंधित मंत्री ने उत्तर दिया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 931 स्थानों पर सुरक्षा दीवारें लगाई गई, जिस हेतु प्रभावितों को मु० 5,18,39,642 रुपए जारी किए। 74 सड़कों की मरम्मत के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि व राज्य आपदा मोचन निधि से मु० 2,22,90,000 रुपए की धनराशि जारी की गई है। सरकाघाट के विधायक दिलीप ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार बार-बार केंद्र पर हिमाचल की अनदेखी का आरोप लगाती है, लेकिन 931 सुरक्षा दीवारों के लिए जो 5 करोड़ से अधिक धन राशि आपदा से प्रभावित परिवारों को उपलब्ध करवाई गई वह केंद्र की मनरेगा योजना के तहत करवाई गई। साथ ही 74 सड़कों पर मरम्मत के लिए अधिकतर राशि एनडीआरएफ के तहत केंद्र सरकार ने उपलब्ध करवाई। विधायक ने कहा कि जिन सड़कों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है, उनकी मरम्मत अब तक नहीं हुई, जो लोगों के लिए गंभीर समस्या बनी हुई है। इन सड़कों में गैहरा ज्वाली पटडीघाट सड़क, पटडीघाट गोभडता सड़क जो कई स्थानों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है पर सिर्फ एक स्थान पर डेढ़ लाख की सुरक्षा दीवार लगाई गई। विधायक ने कहा कि ऐसी बहुत सी सड़कें हैं जो कई स्थानों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन केंद्र से एनडीआरएफ के तहत जो मदद मिली है। विभाग उस पैसे का दुरुपयोग कर सरकार के चेहतों को फायदा पहुंचाया रहा है।












