सैंड आर्टिस्ट रजत कुमार ने रेत पर उकेरा सुकेत रियासत का इतिहास
देश के प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट रजत कुमार ने अपनी प्रतिभा के जरिए कुछ ही मिनटों में सुकेत रियासत के इतिहास को रेत पर उकेर कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दिल्ली के रजत ने अपनी यह शानदार परफॉर्मेंस मंडी जिला के राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला सुंदरनगर में दिखाई है। इस दौरान उन्होंने कला का प्रदर्शन करते हुए हजारों की संख्या में सुंदरनगर के जवाहर पार्क में मौजूद दर्शकों को मुरीद कर दिया। रजत कुमार ने सैंड आर्ट के माध्यम से मेले की थीम 'नशा मुक्त सुंदरनगर' को लोगों के सामने प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति के दौरान रजत ने राज्यस्तरीय नलवाड़ और सुकेत देवता मेला के इतिहास से रूबरू करवाया। बता दें कि राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला सुंदरनगर में पहली बार सैंड आर्टिस्ट द्वारा अपनी कला का प्रदर्शन किया गया है। रजत कुमार ने विश्व के 12 देशों के साथ देशभर में रेत के माध्यम से अपनी कला की प्रस्तुति दी है। इसके अलावा रजत कुमार ने कई टीवी कार्यक्रमों में भी सैंड आर्ट का प्रदर्शन किया है। सैंड आर्टिस्ट रजत कुमार ने कहा कि राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला में प्रशासन की नशे को छोड़ने और जिंदगी को चुनने के मंत्र यानी 'आई चूज लाइफ' की मुहिम को अपनी कला के माध्यम से प्रदर्शित किया है। इस परफॉर्मेंस के दौरान एक कहानी के माध्यम से सुंदरनगर में मेलों के आयोजन को लेकर बताया गया है। उन्होंने कहा कि सैंड आर्ट के माध्यम से अपनी कला को प्रदर्शित करने का कार्य कॉलेज के समय से शुरू किया था। इसका अभ्यास घर पर ही करते रहे और रेत के माध्यम से आज तक अपनी कहानी को दर्शकों के सामने प्रस्तुत कर रहे हैं। बता दें कि सैंड आर्ट एक मजेदार और रचनात्मक कला है जो बच्चों और वयस्कों दोनों के लिए उपयुक्त है।
क्या है सैंड आर्ट कला
सैंड आर्ट एक प्रकार की ऐसी कला है जिसमें रेत का उपयोग करके विभिन्न प्रकार की आकृतियां, चित्र और डिजाइन बनाए जाते हैं। यह कला आमतौर पर समुद्र तटों तथा अन्य रेतीले क्षेत्रों में बनाई जाती है, जहां रेत को आकार देने और डिजाइन बनाने के लिए उपयोग किया जाता है। वहीं अब इस आर्ट को सैंड पेंटिंग के जरिए अन्य क्षेत्रों में भी नई तकनीक के माध्यम से लोगों को दिखाया जाता है। सैंड आर्ट कलाकार अपनी भावनाओं और विचारों को रेत पर आकृति बनाकर व्यक्त करते हैं।












