विधानसभा में गूंजा वेतन मुद्दा: सरकाघाट विधायक दलीप ठाकुर ने सरकार को घेरा, कर्मचारियों के वेतन में देरी पर जताई नाराज़गी
सुखविंदर सिंह सुक्खू के अलावा प्रदेश में आज तक किसी भी मुख्यमंत्री के कार्यकाल में वेतन और पेंशन देरी से नहीं मिली। सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर ने राजस्व विभाग के दैनिक वेतन भोगियों का वेतन का मुद्दा विधानसभा में उठाया। विधायक ने पूछा कि राजस्व विभाग के दैनिक वेतन भोगियों का वेतन कब से देय है तथा कब तक इन वेतन भोगियों को वेतन प्रदान कर दिया जाएगा। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि राजस्व विभाग के अंतर्गत कार्यरत दैनिक वेतन भोगियों को प्रत्येक माह समय पर वेतन अदा किया जा रहा है यद्यपि प्रदेश के कुछ जिलों में कार्यरत दैनिक वेतन भोगियों को पिछले एक-दो माह से बजट की उपलब्धता न होने के कारण वेतन अदायगी नहीं हो पाई थी किन्तु उपायुक्तों से उक्त आशय की सूचना प्राप्त होने पर सरकार द्वारा वेतन अदायगी के लिए उन्हें आवश्यक बजट उपलब्ध करवा दिया गया है। इन दैनिक वेतन भोगियों के बकाया वेतन की शीघ्रातिशीघ्र अदायगी सुनिश्चित की जा रही है। विधायक दलीप ठाकुर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सरकाघाट में राजस्व विभाग के दैनिक वेतनभोगी पिछले चार महीनों से वेतन से वंचित हैं, जो बेहद चिंताजनक और अन्यायपूर्ण है। उन्होंने विभाग द्वारा दी जा रही जानकारी को भ्रामक और गुमराह करने वाली करार देते हुए तत्काल वेतन जारी करने की मांग की। जल शक्ति विभाग के जलरक्षकों को भी पिछले 4 महीनों से वेतन नहीं मिला है। विधायक ने साफ कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे कर्मचारियों के हक के लिए कड़ा कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।












