रुद्राक्षा वेलफेयर सोसाइटी ने किया भव्य सामूहिक होली महोत्सव का आयोजन
जोगिंद्रनगर में पहली बार जुगल जोड़ी सरकार की भव्य रथ यात्रा के साथ सामूहिक होली महोत्सव का आयोजन हुआ। रामलीला मैदान में अबीर-गुलाल की वर्षा के बीच युवाओं ने डीजे की धुनों पर नाटी और बॉलीवुड गानों पर थिरकते हुए पर्व का आनंद उठाया।
भव्य रथ यात्रा के साथ उमड़ा श्रद्धा और उल्लास का सैलाब
सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस उत्सव की शुरुआत अन्नपूर्णा मंदिर लदरुही से हुई। मठाधीश 1008 राम मोहनदास रामायणी जी के नेतृत्व में जुगल जोड़ी सरकार की भव्य रथ यात्रा निकाली गई, जिसका शहरभर में फूलों और अबीर के साथ स्वागत किया गया। आयोजन को भव्य बनाने के लिए जगह-जगह लंगर सेवा का आयोजन किया गया, जिससे भक्ति और सेवा का माहौल बना रहा।
राम मोहनदास रामायणी जी ने दिया प्रेम और भक्ति का संदेश
रामलीला मैदान में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राम मोहनदास रामायणी जी ने कहा
"होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि प्रेम, भक्ति और एकता का त्योहार है। इस पावन अवसर पर हमें सभी मतभेद भुलाकर प्रेमपूर्वक जीवन जीने का संकल्प लेना चाहिए। कृष्ण और राधा की होली हमें यह सिखाती है कि जब प्रेम और भक्ति एक साथ आते हैं, तो जीवन आनंदमय हो जाता है।"
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में भाग लेने का आह्वान किया।
मंडी के सेरी मंच की तर्ज पर हुआ रंगारंग आयोजन
इस भव्य आयोजन में हिंदी और पहाड़ी गानों पर युवाओं ने सामूहिक नाटी डालकर माहौल को और भी रंगीन बना दिया। युवाओं और युवतियों का खासा उत्साह देखने को मिला, जिन्होंने मुंबईया स्टाइल में डांस कर जलवा बिखेरा।
मुख्य अतिथि जीवन ठाकुर ने किया नशा मुक्ति का आह्वान
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और ऐसे सकारात्मक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। रुद्राक्षा वेलफेयर सोसाइटी की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
लक्की ड्रा का रोमांच, विजेताओं को मिले आकर्षक इनाम
कार्यक्रम के दौरान लक्की ड्रा भी निकाला गया, जिसमें 40 भाग्यशाली विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। मेसर्स केआर संस की ओर से बंपर इनाम के रूप में एक एलईडी टीवी दी गई।
गणमान्य लोग भी हुए शामिल
इस अवसर पर रुद्राक्षा वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, कोऑर्डिनेटर राजीव शर्मा, ज्योतिषाचार्य विभा शर्मा, मातुल बहल, सुनीत ठाकुर, अरुणा राठौड़, शनि गौतम, बॉबी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा एडवोकेट जीवन ठाकुर, पूर्व युवा अध्यक्ष सौरभ ठाकुर, भगवान दास, प्रशांत शर्मा समेत कई गणमान्य लोगों ने महोत्सव में शामिल होकर होली का आनंद उठाया।
आयोजकों ने जताया आभार, भविष्य में भी होंगे ऐसे आयोजन
रुद्राक्षा वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर ने सभी प्रायोजकों का धन्यवाद किया और भविष्य में भी ऐसे सामूहिक आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।












