राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली आयोजित
राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में सड़क सुरक्षा क्लब के तत्वावधान में एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में महाविद्यालय के विद्यार्थियों और क्लब के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीष ठाकुर ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा एक महत्वपूर्ण विषय है, और युवा पीढ़ी को इसके प्रति संवेदनशील होने की जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज में भी जागरूकता फैलाएं। कार्यक्रम संयोजक प्रो. पंकज कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की सड़क सुरक्षा जागरूकता पहल सराहनीय है और महाविद्यालय का सड़क सुरक्षा क्लब पिछले कई वर्षों से इस दिशा में कार्यरत है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी क्लब सदस्यों को बधाई दी। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े स्लोगन और पोस्टर लेकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।












