राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित
राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में सड़क सुरक्षा क्लब के तत्वावधान में सड़क व परिवहन नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नारा लेखन, रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसे जनसहभागिता से ही प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। नारा लेखन प्रतियोगिता में स्वाति ने प्रथम, दीपिका ने द्वितीय, और फरहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में पल्लवी प्रथम, स्वाति द्वितीय, और आंचल तृतीय स्थान पर रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में स्वाति, सेजल और शिवम ने प्रथम स्थान, दीपिका, आंचल और प्रिया ने द्वितीय स्थान, जबकि ईशा, पल्लवी और फरहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम संयोजक प्रो. पंकज कुमार ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और वे जिम्मेदार नागरिक बनने की ओर अग्रसर होते हैं।












