जोगिंद्रनगर-सरकाघाट राजमार्ग पर गड्ढों की मरम्मत शुरू
जोगिंद्रनगर-सरकाघाट राज्य राजमार्ग पर लंबे समय से बने गड्ढों को लेकर अनंत ज्ञान दैनिक समाचार पत्र ने कुछ दिन पहले विशेष रिपोर्ट प्रकाशित की थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज सड़क पर पड़े गड्ढों को भर दिया। स्थानीय दुकानदारों ने विभाग की इस पहल का स्वागत किया। विशाल शर्मा, नरेंद्र ठाकुर, हेम सिंह और भारत भूषण ने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा था और आए दिन वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जेपी नायक ने कहा कि सड़क की मरम्मत कार्य को प्राथमिकता दी गई है और जल्द ही पूरी सड़क को स्थायी रूप से सुधारने की योजना पर काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने स्थायी समाधान की मांग भी उठाई है। राहगीरों का कहना है कि हर बरसात में सड़क पर गड्ढे बन जाते हैं, जिन्हें सिर्फ अस्थायी तौर पर भरा जाता है। वहीं, नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि भविष्य में सड़क की गुणवत्ता को सुनिश्चित किया जाए ताकि बार-बार मरम्मत की जरूरत न पड़े।
खबर का असर, लोक निर्माण विभाग हरकत में आया












