राम नवमी महोत्सव 30 मार्च से 6 अप्रैल तक धूमधाम से मनाया जाएगा
सनातन धर्म सभा मंडी के सौजन्य से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामनवमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सभा के प्रेस सचिव बालकृष्ण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह उत्सव 30 मार्च से 6 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। भागवताचार्य स्वामी यदुनंदन आचार्य जी महाराज श्री व्यास पीठ को सुशोभित करेंगे तथा श्रद्धालुओं को रामकथा का श्रवण करवाएंगे। 30 मार्च से 5 अप्रैल तक प्रतिदिन प्रातः 6:30 से 8:30 बजे तक नवाह पाठ (रामचरितमानस पाठ) होगा। वहीं, संध्या 3 से 6 बजे तक कथा प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे आरती, जन्मोत्सव बधाई एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे सनातन धर्म सभा मंदिर से हनुमानघाट तक भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। 7 अप्रैल को दोपहर 1 बजे से प्रभु इच्छा तक विशाल भंडारे का आयोजन होगा। सनातन धर्म सभा के प्रधान रविकांत वैद्य एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने मंडी नगरवासियों से अनुरोध किया है कि सभी सनातन धर्म प्रेमी इस पावन अवसर पर कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करें एवं उत्सव की शोभा बढ़ाएं।












