जुकैण में छमैतर से अपर बरनोग के लोग सड़क सुविधा से वंचित
उपमंडल सरकाघाट के अंतर्गत ग्राम पंचायत जूकैण में छमैतर से अपर बरनोग के लोग सड़क सुविधा से अभी भी वंचित हैं। ग्रामीणों ने सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद भारद्वाज की अध्यक्षता में उपमंडल अधिकारी सरकाघाट के माध्यम से मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश तथा उपायुक्त जिला मंडी को ज्ञापन भेज कर मांग की कि सरकार जल्द ही छमैतर से अपर बरनोग तक सड़क सुविधा उपलब्ध करवाए, जिसका लाभ छमैतर, ठौर, बरनोग, बलहड़ा और मतेहड़ी के तकरीबन 20 परिवारों और उनके हजारों रिश्तेदारों को मिलेगा। सड़क सुविधा न होने से, आपातकालीन स्थिति में मरीजों तथा महिलाओं को प्रसव अवस्था में पालकी के सहारे अस्पताल तथा छुट्टी मिलने पर घर में पालकी के सहारे पहुंचाना पड़ता है। ग्रामीण इससे पहले भी कई बार सरकार से सड़क निकालने का आग्रह कर चुके हैं। रमेश चंद भारद्वाज ने जनता व सरकार से अपील की है, कि वो सभी तरह के विकास कार्यों को सेटिंग के आधार पर नहीं, बल्कि सिस्टम के आधार से करवाएं और करें। जहां कहीं भी लोगों (दिव्यांग या बुजुर्ग) को सड़क की ज्यादा जरूरत है वहां सड़क पहले निकाले। ग्रामीणों ने सुका डयायों शमशघाट को पका करने तथा छमैतर श्मशानघाट के अधूरे काम को पूरा करने की मांग भी की है, तथा वहां पीने की पानी, स्ट्रीट लाइट व बारिश और धूप में बैठने की व्यवस्था करने की मांग भी की है। इस मौके पर स्थानीय निवासियों में देश राज शर्मा, विवेक शर्मा, प्रकाश चंद, संजीव कुमार, व्यास देव, हरी दास प्रजापति व ब्रज लाल इत्यादि गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे तथा 80 से भी ज्यादा लोगों ने हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से अपनी सहमति जताई। ग्रामीणों ने सड़क निकालने के लिए अपनी निजी भूमि को दान करने हेतु शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कर, सड़क बनाने के लिए अपना समर्थन दिया है।












