निहरी कॉलेज ने मनाया तीसरा वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह
राजकीय महाविद्यालय निहरी ने तीसरा वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सुंदरनगर एवं पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने शिरकत की। सर्वप्रथम समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद संगीत विभाग के छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें लोकनृत्य एवं गायन प्रमुख आकर्षण रहे। संगीत विभाग के प्रोफेसर ऋषभ भारद्वाज द्वारा इस अवसर पर मंच का संचालन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रेवा गुप्ता ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और महाविद्यालय की प्रगति व भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य हैं और उन्हें मेहनत व समर्पण से अपने लक्ष्यों को प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय में हो रहे शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की सराहना की और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा महाविद्यालय की विभिन्न मांगों को भी पूरा करने का आश्वासन दिया। अंत में केंद्रीय छात्र संघ की अध्यक्षा पूनम के धन्यवाद ज्ञापन के साथ इस कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर सहायक आचार्य शशी कुमार, डॉ. लीलाधर ठाकुर, प्रोफेसर ऋषभ भारद्वाज, प्रो. कर्म सिंह, प्रो. रूपेश ठाकुर, अशोक सचिन, पूजा देवी सहित समारोह में कॉलेज के अध्यापकगण, अभिभावक, गणमान्य व्यक्ति और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।












