अंतरराष्ट्रीय स्पेशल ओलंपिक 2025 में सात मेडल जीतकर लौटी मंडी की बेटियां, भव्य स्वागत के साथ किया गया रोड शो
इटली में हुई स्पैशल ओलंपिक वर्ल्ड विंटर गेम्स 2025 में मंडी के नागचला स्थित विशेष बच्चों के स्कूल के तीन महिला खिलाड़ियों जिन्होंने तीन गोल्ड व चार रजत पदक हासिल किए हैं का वीरवार को मंडी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। दिल्ली पहुंचने पर वहां के ध्यान चंद स्टेडियम में हुए भव्य स्वागत व उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट के बाद बुधवार को ये खिलाड़ी मंडी सुंदरनगर मार्ग पर मंडी से 12 किलोमीटर दूर नागचला स्थित विशेष बच्चों के स्कूल जहां की ये छात्राएं हैं वहां पहुंची। वहां पर इनका भव्य स्वागत किया गया। स्कूल का समूचा प्रबंधन व परिजन इस स्वागत समारोह में मौजूद रहे। वीरवार को इन खिलाड़ियों जिनमें स्नो बोर्ड की प्रतिस्पर्धा में भारती ने दो स्वर्ण पदक, राधा ने अल्पाइन किंग के मुकाबले में तीन रजत पदक व निर्मला ने एक गोल्ड व एक रजत पदक हासिल किया था को आज स्कूल प्रबंधन व परिजन उनके गांव नगवाईं ले गए जहां लोगों ने इन मेडल विजेता विशेष खिलाड़ियों को पलकों पर बिठाया। इससे पहले इनका मंडी में रोड़ शो करवाया गया। खुले वाहन सवार इन विजेता खिलाड़ियों को ऐतिहासिक सेरी मंच से होकर फिर नगवाईं के लिए रवाना किया गया। इन खिलाड़ियों की कोच गीता पुरोहित ने बताया कि सहयोग स्कूल के चार खिलाड़ी इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले स्पैशल ओलंपिक गेम्स में 4 कांस्य व दो रजत पदक हासिल कर चुके हैं। इस दौरान कोच गीता पुरोहित व सहयोग संस्था के संचालक डॉ एन के शर्मा भी मौजूद रहे।












