मंडी की बेटी बनी भारतीय सेना में जज एडवोकेट जनरल, गांव में जश्न का माहौल
मंडी की काजल राय सदाना का भारतीय सेना में जज एडवोकेट जनरल( जेएजी) के रूप में चयन हुआ है। जो एक उच्च पद है। जेएजी भारतीय सेना की कानूनी शाखा में एक महत्वपूर्ण पद है जो सेना के कानूनी मामलों को देखता है। यह पद भारतीय सेना की कानूनी शाखा में आता है और इसके लिए विशेष योग्यता व अनुभव की आवश्यकता होती है। काजल राय सदाना ने एंट्रेंस में भी टॉप किया है। मंडी की इस बेटी के चयन से जिला में खुशी का माहौल है। चयन होने पर बेटी काजल का महादेव पंचायत में ग्रामीणों ने फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। काजल ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने अभिभावकों व शिक्षकों को दिया है। काजल ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन के लिए लक्ष्य निर्धारित करके हम उस पर मेहनत करें तो मंजिल मिल ही जाती है। इसलिए जीवन के लिए लक्ष्य निर्धारित करके ही हमें आगे बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान रेगुलेटरी कमीशन के सदस्य ललित चौधरी व महादेव पंचायत के प्रधान नीलकमल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।












