सुंदरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: किरतपुर-मनाली हाईवे पर 40 ग्राम चिट्टा सहित हरियाणा निवासी गिरफ्तार
सुंदरनगर थाना पुलिस ने मंगलवार दोपहर किरतपुर- मनाली फोरलेन पर सुंदरनगर के पुंघ में नाके के दौरान एक कार चालक युवक से 40 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी की दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सुंदरनगर थाना पुलिस ने एएसआई दौलत राम और हेड कांस्टेबल हंसराज के नेतृत्व में नाका लगा रखा था। इसी दौरान हरियाणा नंबर एचआर -33डी-5646 कार को पुलिस ने जांच के लिए रोका। कार की तलाशी के दौरान उसमें सवार गुरलाल सिंह (34) पुत्र गुरमेल सिंह गांव झिड़ी डाकघर झिड़ी तहसील कालावाली थाना बड़ा गुड़ा जिला सिरसा हरियाणा के पास से 40 ग्राम चिट्टा बरामद किया हैं। आरोपी सिरसा से चिट्टा लेकर मंडी व कुल्लू की तरफ विभिन्न स्थानों पर बेचने के लिए जा रहा था। एसपी साक्षी वर्मा ने चिट्टा बरामद करने की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी की दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।












