मां भगवती परांबा संपूर्ण जगत की अधिष्ठात्री देवी: पं. प्रभु दयाल शास्त्री
सनातन धर्म मंदिर, जोगिंद्रनगर में 9 दिवसीय श्री मद देवी भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु भक्तों की अपार उपस्थिति में यह पावन कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक हो रही है। कथा व्यास श्री धाम वृंदावन से पधारे श्रद्धेय पं. प्रभु दयाल शास्त्री जी महाराज ने देवी महात्म्य का विस्तृत वर्णन करते हुए कहा कि मां भगवती परांबा संपूर्ण जगत की अधिष्ठात्री देवी हैं, जिनकी शक्ति से ही समस्त देवगण शक्तिमान होते हैं। उन्होंने बताया कि मां दुर्गा ही वह आदिशक्ति हैं, जिन्होंने मधु-कैटभ, चंड-मुंड और महिषासुर जैसे असुरों का संहार कर देवताओं को निर्भय किया।
मां दुर्गा के प्राकट्य उत्सव पर भक्त हुए भाव-विभोर
कथा के तृतीय दिवस पर मां दुर्गा के प्राकट्य उत्सव को अत्यंत श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कथा के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने भक्ति-भाव में लीन होकर देवी माँ के दिव्य प्राकट्य की कथा का श्रवण किया। पं. प्रभु दयाल शास्त्री ने देवी के जन्म, उनकी बालिका रूप में देवताओं के मध्य प्रकट होने और असुरों के संहार की कथा सुनाकर भक्तों को भाव-विभोर कर दिया।
इस नवदिवसीय कार्यक्रम का संचालन साकेत वासी स्वामी गोविंद दास जी लदरूही के कृपा पात्र आचार्य मनीष भार्गव, श्री धाम वृन्दावन द्वारा किया जा रहा है। भक्तजन बड़ी संख्या में कथा स्थल पर पहुंचकर इस आध्यात्मिक वातावरण का लाभ उठा रहे हैं। यह पावन कथा 24 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालु भक्तजनों से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस दिव्य कथा का लाभ एवं माँ भगवती की कृपा प्राप्त करें।












