नगर निगम कार्यालय में 13 लाख से निर्मित लिफ्ट शुरू
महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा ने मंडी कार्यालय में लगभग 13 लाख रुपए की लागत से बनी नवीन लिफ्ट का उद्घाटन किया। इस लिफ्ट का निर्माण शहर के नागरिकों, खासकर दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए किया गया है, ताकि वे नगर निगम कार्यालय तक अपनी समस्याओं को आसानी से पंहुचा सकें। इस मौके पर महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा ने कहा कि यह लिफ्ट नगर निगम कार्यालय में आने वाले नागरिकों को विशेष रूप से दिव्यांगजनों और वृद्धजनों के लिए बड़ी राहत प्रदान करेगी। पहले, जिन लोगों को भवन की ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में कठिनाई होती थी, अब उनके लिए यह सुविधा एक वरदान साबित होगी। महापौर ने बताया कि इस लिफ्ट के निर्माण से न केवल जनसुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि यह शहर के समग्र विकास की दिशा में एक कदम और बढ़ेगा। इसके साथ ही, उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शहरवासियों को इस नई सुविधा के बारे में जागरूक करें और सुनिश्चित करें कि इसका सही तरीके से उपयोग किया जाए। इस उद्घाटन समारोह में नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। लिफ्ट के उद्घाटन के साथ, महापौर ने नगर निगम की प्रतिबद्धता को दोहराया कि वे शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे और ऐसे सुविधाओं का निर्माण करते रहेंगे, जो लोगों के जीवन को सरल और सुगम बना सकें। इस अवसर पर उपमहापौर माधूरी कपूर, पार्षद राजेंद्र मोहन, सुदेश कुमारी, हरदीप सिंह, नेहा कुमारी, दीपाली जसवाल, कृष्ण भानु, यशकांत कश्यप, नितिन भाटिया, दिनेश पटियाल, संजय शर्मा, नगर आयुक्त एचएस राणा, सहायक अभियंता नरेश व निगम के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।












