भारत का नहीं है वामपंथी विचार, अपने अस्तित्व को खत्म होता देख खूनी हिंसा पर उतरी एसएफआई: मंजुल शर्मा
भारत का नहीं है वामपंथी विचार, अपने अस्तित्व को खत्म होता देख खूनी हिंसा पर उतरी एसएफआई- मंजुल शर्मा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद संगठनात्मक जिला सुंदरनगर के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शहर के महाराणा प्रताप चौक पर धरना प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के खिलाफ की जा रही पक्षपातपूर्ण कार्रवाई पर कड़ा विरोध जताया है। गौरतलब है कि बीते दिनों एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने तेजधार हथियारों से परिषद के कार्यकर्ताओं पर हमला किया था। इससे विश्वविद्यालय में लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक मंजुल शर्मा ने कहा कि प्रशासन की भूमिका पूरी तरह से पक्षपातपूर्ण नजर आ रही है, जहां एसएफआई के गुंडे खुलेआम घूम रहे हैं और परिषद के कार्यकर्ताओं को टारगेट किया जा रहा है। मंजुल शर्मा ने कहा कि बालूगंज पुलिस प्रशासन द्वारा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर एकतरफा कार्रवाई की जा रही है और विद्यार्थी परिषद के निहत्थे कार्यकर्ताओं पर हमला करने और छात्रा कार्यकर्ताओं पर अभद्र टिप्पणियां करने वाले एसएफआई के गुंडे खुलेआम आज भी घूम रहे हैं। यह अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण बात है। इस धरना प्रदर्शन में पवन कुमार, मंजुल शर्मा, रजनीश ठाकुर, जाह्नवी साक्षी ठाकुर, जतिन शर्मा, मोहित, कार्तिकेय, पूर्व, शिवांश सौरभ, जागृति, कुसुम, चांदनी, तनिष, मुस्कान, मनीष और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।












