मंडी में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी: राकेश जंवाल
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जंवाल ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता में राकेश जंवाल ने प्रदेश सरकार पर कई तीखे सवाल दागे। उन्होंने कहा कि मंडी में ढाबे मालिक पर गोली कांड हो जाता है और पुलिस की तरफ से निंदापूर्ण जवाब आता है कि अगर घायल हुए हैं तो अस्पताल जाइए। प्रदेश कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। विमल नेगी की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत के मामले में कांग्रेस सरकार सीबीआई जांच नहीं करवाना चाहती क्योंकि सच्चाई सामने आ जाएगी। एक ईमानदार चीफ इंजीनियर पर भ्रष्टाचार करने का दबाव बनाया जा रहा था और अब सरकार आरोपियों को बचा रही है। विमल नेगी के परिजनों को प्रदेश सरकार की जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं है तो सीबीआई जांच होनी चाहिए, लेकिन निष्पक्ष जांच एजेंसी से जांच करवाने से कतरा रही है। भाजपा ने इस मामले को सदन में भी उठाया है। गुड़िया कांड में सीबीआई जांच करवाई गई तो आज बड़े अधिकारी जेल में हैं। मंडी में तो कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। एसडीएम मंडी के ऊपर खनन माफिया का हमला हो जाता है, ढाबे में चोरी और उसके बाद मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है।
मात्र 50 दिनों में हो गई 16 हत्याएं
हिमाचल प्रदेश में मात्र में 50 दिनों 16 हत्याएं हो गई है। सुंदरनगर में शीतला माता के चरणों में खनन हो रहा है और वहां के लोग भूस्खलन से सहमे हुए हैं। जब इस बारे सरकार से से पूछा गया तो कहा कि जब भाजपा की बैठक होती है तब खनन मत किया करो। भाजपा प्रदेश में फैली अराजकता के कारण 27 को शिमला में धरना प्रदर्शन कर रही है। इस मौके पर नगर निगम महापौर वीरेंद्र भट्ट, जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, मीडिया प्रभारी राकेश वालिया आदि उपस्थित रहे।












