खुड्डी खाहन बनी आदर्श महिला-हितैषी ग्राम पंचायत, प्रधान मीना शर्मा ने दिल्ली में बढ़ाया प्रदेश का मान!
सरकाघाट की ग्राम पंचायत खुड्डी खाहन की प्रधान मीना शर्मा ने आदर्श महिला-हितैषी ग्राम पंचायत के दिल्ली में आयोजित हुए कार्यक्रम में लिया भाग, इस कार्यक्रम में जिला मंडी से मात्र दो प्रधान तथा प्रदेश भर से कुल पांच प्रधानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य
आदर्श महिला-हितैषी ग्राम पंचायत पहल की शुरुआत, हर जिले में एक आदर्श ग्राम पंचायत विकसित की जाएगी। आदर्श महिला-हितैषी ग्राम पंचायतों पर राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन पंचायती राज मंत्रालय द्वारा किया गया। इसका उद्देश्य देश के प्रत्येक जिले में कम से कम एक आदर्श ग्राम पंचायत स्थापित करना है, जो महिलाओं और लड़कियों दोनों के लिए अनुकूल हो। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025 समारोह के हिस्से के रूप में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में देश भर के चयनित ग्राम पंचायतों के 1500 से अधिक निर्वाचित प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने फिजिकल और वर्चुअल मोड में भाग लिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल उपस्थित थे। सम्मेलन में आदर्श महिला-हितैषी ग्राम पंचायतों के लिए वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यक्रम और भारत में इन महिला-हितैषी ग्राम पंचायतों की प्रगति का आकलन करने के लिए एक व्यापक तत्क्षण निगरानी डैशबोर्ड सहित पहलों का अनावरण किया गया। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म जमीनी स्तर पर महिलाओं की भागीदारी और कल्याण को मापने, विश्लेषण करने और सुधारने के लिए एक तकनीकी क्रियाकलाप है। डैशबोर्ड देश में महिला नेताओं का समर्थन करने के लिए तत्क्षण अंतर्दृष्टि और डेटा-संचालित गतिविधि का वादा करता है। मॉडल महिला हितैषी ग्राम पंचायत के लिए चयनित पंचायतों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम किया गया। इसके लिए 10 हजार की राशि भी दी गयी थी, इसमें पंचायत प्रतिनिधियों को बताया गया कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी महिलाओं के उत्थान के लिए कैसे योजना निर्माण किया जाए। देशभर में 770 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है, जहां महिला प्रधानों को नेतृत्व और प्रशासनिक क्षमता विकसित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. उन्होंने महिला प्रधानों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, विधवा और दिव्यांगजन पेंशन योजना, आयुष्मान भारत और अंगदान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को अपने गांवों में बढ़ावा दें।












