काशी हिंदू विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन संपन्न, जोगिंद्रनगर की ज्योतिषाचार्य विभा शर्मा सम्मानित
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्कृत विद्या धर्मविज्ञान संकाय, ज्योतिष विभाग द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन का समापन 22 मार्च को हुआ। यह सम्मेलन चैत्र कृष्ण षष्ठी से अष्टमी (20-22 मार्च 2025) तक संकाय सभागार में आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ प्रो. राजाराम शुक्ल (संकाय प्रमुख) की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर ज्योतिष एवं धर्मविज्ञान क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित विद्वानों ने सहभागिता की, जिससे यह आयोजन अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं शोधपरक बना। सम्मेलन में प्रो. शत्रुघ्न त्रिपाठी और प्रो. विनय कुमार पांडेय के विशेष मार्गदर्शन में ज्योतिष के समसामयिक एवं नितांत आवश्यक विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए गए। इस सम्मेलन में जोगिंद्रनगर स्थित शारदा ज्योतिष निकेतन की ज्योतिषाचार्य विभा शर्मा को उनके उत्कृष्ट शोध एवं ज्योतिष विद्या में योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विभा शर्मा ने सम्मेलन में भाग लेकर ज्योतिष के दो महत्वपूर्ण समसामयिक विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किया, जिसे विद्वानों ने अत्यंत ज्ञानवर्धक बताया। कार्यक्रम में भारत के कोने-कोने से आए विद्वानों ने भाग लिया और गुरुकुल परंपरा से पोषित काशी हिंदू विश्वविद्यालय में ज्योतिष के गूढ़ रहस्यों पर विमर्श किया। सम्मेलन में उपस्थित प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का भी सौभाग्य मिला। इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए सभी गुरुजनों एवं आयोजकों के प्रति प्रतिभागियों ने आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे विद्वत्संगम के आयोजन की कामना की।












