पंजाब में भिंडरावाला समर्थकों का बढ़ता दुस्साहस, हिमाचल की शांति को खतरा
पंजाब में भिंडरावाला समर्थकों की बढ़ती गतिविधियां अब हिमाचल प्रदेश की शांति के लिए भी खतरा बनती जा रही हैं। हाल ही में मनाली डिपो की एक बस को पंजाब में रोककर तलवारें लहराई गईं और बस ड्राइवर को जबरन गाड़ी रोकने के लिए मजबूर किया गया। इस घटना के बाद हिमाचल में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज जमवाल ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि हिमाचल में माहौल खराब करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां बस पर हिमाचल के मुख्यमंत्री का फोटो था, वहां भिंडरावाले का पोस्टर लगा दिया गया। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की हालत इतनी बिगड़ चुकी है कि अब दिनदहाड़े जनप्रतिनिधियों पर हमले होने लगे हैं। बिलासपुर में एक पूर्व विधायक पर अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली चलाई गई, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की गई। पंकज जमवाल ने कहा कि जब प्रदेश में जनप्रतिनिधि तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का यह हाल कब सुधरेगा। भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की कि वे न केवल पंजाब सरकार के सामने भिंडरावाला समर्थकों की हिमाचल में बढ़ती घुसपैठ का मुद्दा उठाएं, बल्कि बिलासपुर में हुई फायरिंग की घटना पर भी सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की घटनाओं को समय रहते नहीं रोका गया, तो हिमाचल में अराजकता फैल सकती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई हो, ताकि प्रदेश की शांति बनी रहे।












