हिंदू नव वर्ष महोत्सव: सेरी मंच पर होगा हवन, गायन व शहनाई वादन का आयोजन
धर्म संघ श्री भूतनाथ मंदिर मंडी की ओर से इस बार हिंदू नव वर्ष महोत्सव विक्रमी संवत 2082 चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का आयोजन 30 मार्च 2025 को ऐतिहासिक सेरी पंडाल में किया जा रहा है। धर्मसंघ श्री भूतनाथ मंदिर मंडी के प्रधान बीसी सरोच ने बताया कि इस बार का यह आयोजन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 30 मार्च सुबह नौ बजे सेरी मंच पर श्री गणपति पूजन एवं स्थापना की जाएगी। जबकि साढ़े नौ बजे हवन यज्ञ प्रारंभ होगा। इसी कड़ी में साढ़े दस बजे यज्ञ की पूर्णाहुति दी जाएगी। इसके अलावा 11 बजे दीप प्रज्ज्वलन, स्वास्ति वाचन, सरस्वती वंदना एवं वर्षफल पाठन, लोकगीत प्रस्तुति और शहनाई वादन के साथ-साथ मंडयाली गीता गायन गीता श्रेणी की महिलाओं द्वारा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय संस्था संगीत सदन की ओर से किया जाएगा। धर्मसंघ के वरिष्ठ उप प्रधान हरीश बहल ने बताया कि नव वर्ष संवत घर-घर में मनाने के बजाय समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने के उददेश्य से सेरी मंच पर आयोजित किया जा रहा है। जिससे नई पीढ़ी के बच्चों को सनातन के प्रति जागरूक किया जाएगा।वहीं पर डा. ओमराज ने धर्मसंघ के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बनारस में गठित धर्मसंघ की तर्ज पर छोटीकाशी मंडी में भी वर्ष 1957-58 में धर्मसंघ की स्थापना उस समय की जब मंडी रियासत के राजा ने भूतनाथ मंदिर से अपना कब्जा छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि समाज में सनातन की सशक्त्ता के लिए धर्म संघ प्रतिबद्ध है। इसके अलावा मंदिरों काे सरकारी अधिग्रहण से मुक्त करवाना और धर्म और संस्कृति को आगे ले जाना इसके उद्देश्यों में शामिल है। उन्होंने बताया कि हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर मंडी नगर में सांस्कृतिक रैली निकाली जाएगी। वहीं पर शाम के समय दीपोत्सव किया जाएगा। इसके अलावा शहर के मंदिरों में हिंदू नववर्ष का बैनर लगाए जाएगें। उन्होंने कहा कि धर्मसंघ के कार्य को आगे बढ़ाते हुए आने वाले साल हर जिला में इसकी इकाइयों का गठन कर जिला स्तर पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं सरकार के साथ मिलकर राज्य स्तर पर भी कार्यक्रम करने का प्रयास किया जाएगा।












