शहीद राजेश स्मारक के यहां कूड़ा फैलाकर चलते बने हाट बाजार वाले, धनोटू जो है धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक आदि गतिविधियों में अग्रणी
नाचन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत महादेव पंचायत हर वर्ष अपने गांव धनोटू स्थित मैदान में व्यापारियों के हाट बाजार लंबे समय तक सजाने की इजाजत देती तो जरुर है मगर लाभ कमाने के साथ समुचित सफाई व्यवस्था का न होना ख़ासतौर पर उस समय कूड़ा कूड़ा हो जाता है जब व्यापारी लोग यहां से अपना सेल आदि से संबंधित सामान समेटकर कहीं चले जाते हैं।
ऐसे में यह स्थान जो शहीद राजेश चौहान स्मारक से एकदम से सटा हुआ है बदसूरत हालत में तरह-तरह के बास मारते कूड़े-कचरे की गिरफ्त में रहकर प्रदूषण फैलाता रहता है जो शहीद के अपमान करने से कम नहीं है।राष्ट्रीय उच्च मार्ग नंबर 21 से जुड़ा यह भीड़भाड़ वाला व्यस्त स्थान यानी शहीद राजेश चौहान धनोटू चौक जहां से होकर प्रदेश के भिन्न-भिन्न भागों सहित बाहरी राज्यों के लिए भी बसों की सुविधा मिलती है का एक बड़ा भाग अक्सर गंदी हालत में देखा जा सकता है जिसके लिए बड़े पैमाने पर सफाई व्यवस्था बनाना निहायत जरूरी है क्योंकि जहां कूड़ा कचरा पसरा पड़ा है नालियों का एक बड़ा भाग कच्ची हालत में सड़ांध मारती रहती हैं वहीं यहां के सार्वजनिक शौचालय की नियमित साफ सफाई के लिए खासे प्रबंध करने की मांग लंबित पड़ी है। यह वह स्थान है जो दूर-दूर के लोगों का धार्मिक श्रद्धा का केंद्र भी है जहां विशाल पुराने पीपल के पेड़ के नीचे खासकर कुल देवी दैवी शक्ति और लखदाता को माना पूजा जाता है। बुद्धिजीवी लोगों का कहना है कि जब से धनोटू में बढ़ती आबादी के बीच आधुनिक तरीके का रंग रिवाज तथा खान-पान आदि आया है तब से गंदगी भी बढ़ी है और पुराने समय में इस जगह मनोरंजन की दृष्टि से नाटक मंचन एवं ड्रामे इत्यादि खेले जाते रहे हैं और वर्तमान समय में भी गांव धनोटू जो शहर की तर्ज पर उभरता जा रहा है को यह कहने में कोई अतिशयोक्ति न होगी कि धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक गतिविधियों के लिए अपना अग्रणी स्थान बनाए हुए है जिसके चर्चे आम हो गए हैं मगर स्वास्थ्य की दृष्टि से यह अत्यंत जरूरी हो जाता है कि संबंधित विभाग व पंचायत समय रहते हवा दूषित होने का बचाव के ठोस उपाय कर बेहतर ढंग की सफाई को लेकर अपना पूरा-पूरा योगदान दे। लोगों ने पुनः उक्त शहीद स्मारक के तमाम आसपास की सफाई कर स्वच्छता का वातावरण बनाने का पुरजोर आग्रह किया है।












