'मिसेज हिमाचल' का ग्रैंड फिनाले संपन्न, नादौन की सोनिया ने जीता ताज
हिमाचल प्रदेश में पहली बार प्रशासनिक स्तर पर आयोजित 'मिसेज हिमाचल' प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला सुंदरनगर में संपन्न हो गया है। जहां इस अनूठे आयोजन को सफलतापूर्वक पूरा करने में डीसी मंडी अपूर्व देवगन और जिला मंडी प्रशासन का अथक प्रयास रहा है। वहीं ग्राउंड लेवल पर जिला के दो एचएएस अधिकारी एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी और एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी के साथ उनकी बेहतरीन टीम का परिश्रम है। अमर नेगी और स्मृतिका नेगी पति-पत्नी भी है। फाइनल क्राउनिंग में प्रतियोगिता की पहली कैटिगरी मिसेज हिमाचल में हमीरपुर के नादौन की सोनिया, दूसरी कैटिगरी मिसेज हिमाचल क्लासिक में सोलन की नीलम ठाकुर और तीसरी कैटिगरी मिसेज हिमाचल सुपरा में सुंदरनगर की मंजुला वर्मा के सिर ताज सजा है। इसके साथ स्पेशल कैटागिरी क्राउन डॉ.किरन जसवाल और किरन चौहान को दिया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर बीते 8 मार्च को मंडी जिला के विश्वविख्यात त्रिवेणी संगम धार्मिक एवं पर्यटन स्थल रिवालसर के राज्यस्तरीय छेश्चू मेले से शुरू मिसेज हिमाचल प्रतियोगिता की फाइनल क्राउनिंग राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला में आयोजित ग्रैंड फिनाले में संपन्न हुई है। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को एक नया स्वरूप देने के लिए जिला मंडी में प्रशासनिक स्तर पर पहली बार इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 'मिसेज हिमाचल' प्रदेश की शादीशुदा महिलाओं के सौंदर्य, प्रतिभा और आत्मविश्वास का एक शानदार उत्सव रहा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विवाहित महिलाओं को शादी के बाद भी अपनी पहचान बनाने और अपने सपनों को पूरा करने का एक मंच प्रदान करते हुए महिला सशक्तिकरण रहा है। प्रतियोगिता में हिमाचल के विभिन्न जिलों से 36 महिलाओं ने अपनी प्रतिभा को दिखाया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ट्रेडिशनल, टैलेंट, बॉलीवुड-1970 थीम और गाउन राउंड में शानदार प्रदर्शन किया। एलिमिनेशन राउंड को पार करते हुए अब तीन महिलाओं को वर्ष के सबसे बड़े आयोजन 'मिसेज हिमाचल' के ताज को अपने सिर पर सजाने का गौरव प्राप्त हुआ है।
मिसेज हिमाचल प्रतियोगिता में यह भी रहीं विजेता
मिसेज हिमाचल-2025 प्रतियोगिता में मिसेज हिमाचल के दूसरे स्थान पर कोमल और तीसरे पर पूजा, मिसेज हिमाचल क्लासिक के दूसरे स्थान पर दयावती और तीसरे पर डॉ. शिखा तथा मिस हिमाचल सुपरा के दूसरे स्थान पर मंजुला कंवर और तीसरे पर त्रशला शर्मा चुनी गई। इस अवसर पर सभी विजेताओं को क्राउन के साथ नकद पुरस्कार दिए गए।
महिलाओं के सर्वांगीण विकास पर ध्यान रहा केंद्रित- कल्पना
मिसेज हिमाचल प्रतियोगिता में बतौर ग्रूमर शिरकत कर रही पूर्व मिसेज एशिया इंटरनेशनल, मिसेज इंडिया और मिसेज हिमाचल कल्पना ठाकुर ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली महिलाएं बहुत टैलेंटेड थीं। इस प्रकार की प्रतियोगिता में पहली बार आने और विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित होने के कारण शुरुआती दौर में महिलाओं को ग्रूम करने में काफी कठिनाई आई। मिसेज हिमाचल केवल मात्र एक सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं थी। इसमें महिलाओं के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने अपने वैवाहिक जीवन को निभाते हुए एक बेहतरीन प्रदर्शन किया है। रिवालसर में संपन्न हुई महाआरती के दीए भी प्रतिभागी महिलाओं द्वारा बनाए गए थे। उन्होंने कहा कि मिसेज हिमाचल के आयोजन से प्रशासन ने बहुत ही अच्छी पहल की है।
प्रतियोगिता में महिलाओं का आत्मविश्वास रहा काबिले तारीफ- स्मृतिका
एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने बताया कि मिसेज हिमाचल-2025 का ग्रैंड फिनाले सुंदरनगर में संपन्न हुआ है। इसमें मिसेज हिमाचल, मिसेज हिमाचल क्लासिक और मिसेज हिमाचल सुपरा को चुना गया है। प्रतियोगिता को आयोजित कराने का आइडिया अचानक से आया था। कम उम्र की लड़कियों को स्टेज पर अपनी प्रतिभा को दिखाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती है। लेकिन शादीशुदा महिलाओं के लिए इस प्रकार के आयोजन नहीं होते हैं। महिलाओं की भी इच्छाएं स्टेज पर आकर परफॉर्म करने की होती है। स्मृतिका नेगी ने कहा कि इसी सोच के साथ टीम वर्क से इसका सफल आयोजन किया है। इसमें हर वर्ग की महिला शामिल थी और अपने आत्मविश्वास को बखूबी दिखाया है।
महिला सशक्तिकरण रहा मिसेज हिमाचल के आयोजन का लक्ष्य- अमर नेगी
एसडीएम एवं अध्यक्ष राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला सुंदरनगर अमर नेगी ने कहा कि एसडीएम बल्ह के साथ मिलकर प्रदेश भर में पहली बार प्रशासनिक स्तर एक नया इनिशिएटिव लिया था। उन्होंने कहा कि जहां 'मिसेज हिमाचल' प्रतियोगिता की शुरुआत बल्ह उपमंडल के रिवालसर के राज्यस्तरीय छेश्चू से हुई थी। वहीं इसके विजेताओं की क्राउनिंग राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला सुंदरनगर में की गई। अमर नेगी ने कहा कि इस आयोजन का लक्ष्य महिला सशक्तिकरण के साथ महिलाओं को एक बड़ा मंच प्रदान करना था।












