जल रक्षकों को शीघ्र मानदेय दे सरकार
सराज हल्के में जलरक्षा विभाग में कार्यरत जल रक्षकों को पिछले 3 मास से मानदेय की अदायगी नहीं हो पाई है लेकिन सरकार गूंगी और बहरी बनी हुई है। बालीचौकी से जारी एक प्रैस बयान में भाजपा बालीचौकी मंडल के अध्यक्ष मुकेश मैडी ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि जल रक्षकों को शीघ्र ही उनके मानदेय की अदायगी की जाये अन्यथा भाजपा जल रक्षकों के हितों से खिलवाड़ करने वाली सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि जब कांग्रेस विपक्ष में थी तो कहती थी कि जल रक्षकों को न्यूनतम 300 रुपए दिहाड़ी देगी लेकिन दिहाड़ी बढ़ाना तो दूर रहा लेकिन उन्हें उनके मानदेय से भी महरूम रखा जा रहा है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर विफल हो गई है और समाज के सभी वर्ग सरकार की कार्यप्रणाली के चलते पूरी तरह हताशा और निराशा के वातावरण में जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के अब तक के कार्यकाल में सराज में नये संस्थान खुलना तो दूर रहा लेकिन पूर्व की सरकार द्वारा खोले गए जन कल्याणकारी कार्यालय भी अव्यवस्था परिवर्तन को भेंट चढ़ गए। भाजपा अध्यक्ष ने जल रक्षकों के मानदेय के साथ साथ मनरेगा की मजदूरी भी रिलीज करने की मांग की है।












