सार्वजनिक हो फुटबाल संघ का आर्थिकी विवरण: केएम तिवारी
हिमाचल प्रदेश फुटबाल वेल्फेयर संघ के महासचिव केएम तिवारी ने प्रेस को जारी बयान में हिमाचल प्रदेश फुटबाल संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार बिट्टू से अखिल भारतीय फुटबॉल संघ द्वारा भेजी गई आर्थिक मदद के हिसाब किताब को सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न आयु वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल के खिलाड़ियों को अधिमान दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि हिमाचल में फुटबाल के उत्थान के लिए एक रोडमैप तैयार किया जाना चाहिए, ताकि निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो। केएम तिवारी ने कहा कि गोवा में हिमाचल की बेटियों के साथ छेड़छाड़ मामले में भी संघ के अध्यक्ष को हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि दोबारा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने फुटबॉल संघ के अध्यक्ष सुनील बिट्टू से मांग करते हुए कहा कि फुटबाल संघ की कार्यकारिणी का गठन शीघ्र किया जाना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक प्रणाली सुदृढ़ हो।












