हर परिवार ले यह प्रण, नशे के खिलाफ लड़ेंगे रण : एनआर ठाकुर
जिला बाल संरक्षण इकाई मंडी द्वारा गोहर में जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी एनआर ठाकुर ने कहा कि आज नशा बच्चों का नाश और समाज का विनाश कर रहा है। बच्चे और नौजवान नशे के मकड़जाल में फंसते जा रहे है। सिंथेटिक नशा या चिट्टा बच्चों की जान का दुश्मन बन गया है। नशे के चलते हर दिन किसी न किसी युवा की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक परिवार को प्रण लेकर नशा तस्करों के खिलाफ रण का ऐलान करना होगा। लड़ाई नशा माफिया और सप्लायरों के विरुद्ध होनी चाहिए ताकि नशे की गहरी जड़ों को सामूहिक प्रयासों से उखाड़ा जा सके। जो बच्चे नशे की दलदल में फंस गए है उनसे प्यार और हमदर्दी से पेश आने की जरूरत है। क्योंकि वे मानसिक और शारीरिक रूप से बीमार हो चुके है। ठीक इलाज और स्टीक काउंसलिंग से उनके जीवन को बचा सकते है तथा उन्हें दोबारा समाज की मुख्यधारा से भी जोड़ सकते है। परिवार और समाज की ज्यादा ऊर्जा उन बच्चों को जगाने और बचाने में लगनी चाहिए जो अभी नशे से दूर है ताकि वे मानसिक तौर पर इतने मजबूत हो जाए कि कोई भी ताकत उन्हें नशे की इस अंधेरी गुफ़ा में ना धकेल सके। ठाकुर ने इस मौके पर बाल मजदूरी, बाल विवाह, बाल यौन उत्पीड़न और बाल भिक्षावृत्ति जैसी सामाजिक बुराइयों पर भी जानकारी सांझा की तथा जनमानस से इसे खत्म करने के लिए सहयोग का आवाहन किया। संरक्षण अधिकारी शैलजा अवस्थी ने प्रतिभागियों के समक्ष मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना और मिशन वात्सल्य के अंतर्गत बच्चों को मिलने वाली वित्तीय सहायता की विस्तृत जानकारी रखी। इस अवसर पर सभी योजनाओं पर तैयार प्रचार प्रसार सामग्री का वितरण किया गया। मंडी जन विकास एवं साक्षरता समिति की सचिव सुनीता विष्ट, वरिष्ठ साहित्यकार व शिक्षाविद एवं समिति सदस्य डॉक्टर विजय विशाल, खंड समन्वयक लालमन ने भी प्रतिभागियों के समक्ष नशे के कारणों और बचाव की जानकारी तथा महिलाओं से इन सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुटता से लड़ने का आवाहन किया।












