सरकाघाट एसडीएम ऑफिस की कटेगी बिजली, विभाग ने 31 तक दी डेडलाइन
विद्युत विभाग के लाखों रुपए के बिजली बिलों पर कुंडली जमाए बैठे सरकारी विभागों के साथ-साथ डिफाल्टर उपभोक्ताओं की बिजली काटने की विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है, बल्कि इन उपभोक्ताओं को 31 मार्च लास्ट डेडलाइन भी जारी करती है। लाखों रुपए बकाया बिजली बिलों के चलते विभाग के पेंशनरों को ना तो पेंशन मिल रही है और ना ही कर्मचारी को पगार इसके लिए विभाग ने अब कड़े कदम उठाने का निर्णय लिया है। प्राइवेट के साथ-साथ सरकार के सबसे ज्यादा राजस्व कमाने वाले विभागों का भी यह हाल है कि उन्होंने कई वर्षों से विद्युत विभाग के लाखों रुपए के बकाए का भुगतान नहीं किया है इन विभागों में उपमंडल अधिकारी से लेकर राजस्व और जल शक्ति विभाग सबसे बड़े डिफाल्टर साबित हुए हैं।
किस विभाग पर है कितना बकाया
जल शक्ति विभाग 58,28,207.95 रुपए, प्रिंसिपल गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सरकाघाट 25,281 रुपए, रेंजर ऑफिस 13,642 रुपए, असिस्टेंट अटॉर्नी 11,442 रुपए, उपमंडल अधिकारी 10,829 रुपए, तहसीलदार सरकाघाट 12,264 रुपए, अन्य घरेलू उपभोक्ता 12,57,281.50 रुपए और व्यावसायिक उपभोक्ता 9,07,682.22 रुपए की बकाया राशि शामिल है।
31 मार्च तक नहीं मिला बिल तो काट देंगे बिजली: एसडीओ
सहायक अभियंता विद्युत ई. राज सिंह पराशर ने स्पष्ट किया कि 31 मार्च की समय सीमा के बाद बिना किसी पूर्व सूचना के बकाएदारों की बिजली काट दी जाएगी। चाहे वह प्रशासन हो, रेवेन्यू और जल शक्ति विभाग या कोई भी बड़ा अधिकारी या कोई बड़ा नेता ही क्यों ना हो। उन्होंने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे समय पर भुगतान करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।












