अभिलाषी विश्वविद्यालय के छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण
अभिलाषी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ एजुकेशन के छात्रों द्वारा मनाली का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान छात्रों ने अपने पाठ्यक्रम के अनुसार क्षेत्र के भौगोलिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहलुओं का ज्ञान अर्जित किया। इस भ्रमण के पहले दिन छात्रों ने शिक्षकों डॉ. सुमन, विनोद और कृतिका के साथ सोलंग घाटी का दौरा किया, जहां उन्होंने हिमनद संरचनाओं, नदी के कटाव और पर्वतीय परिदृश्यों का अवलोकन किया। वहीं जलवायु परिवर्तन और हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र पर इसके प्रभाव पर एक सत्र भी आयोजित किया गया। बर्फ से ढके पहाड़ों के लुभावने दृश्यों ने उनके उत्साह को और बढ़ा दिया। वहीं छात्रों ने दूसरे दिन हिडिंबा देवी मंदिर का दौरा किया जो पारंपरिक हिमाचली वास्तुकला को प्रदर्शित करने वाली एक ऐतिहासिक लकड़ी की संरचना है। इसके अलावा उन्होंने श्रद्धेय सिख तीर्थस्थल मणिकर्ण का भी भ्रमण किया। वहां पर उन्होंने प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाले गर्म पानी के स्रोतों के बारे में जानकारी प्राप्त की, वहीं छात्रों ने ट्रेकिंग और जिप-लाइनिंग जैसी साहसिक गतिविधियों में भी भाग लिया। वहीं स्कूल ऑफ एजुकेशन, बेसिक साइंसेज एंड हुमनिटीज की डीन डॉ. प्रोमिला अभिलाषी ने बताया कि इस प्रकार के एजुकेशनल टूर विद्यार्थी को क्लासरूम के बाहर निकलकर प्रैक्टिकल फील्ड की ओर लेकर जाते हैं। जहां छात्रों को विभिन्न विषयों का एक्सपोजर मिलता है, जो कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण के लिए बहुत ज्यादा आवश्यक है। इस शैक्षणिक भ्रमण के सफल आयोजन के उपलक्ष्य पर अभिलाषी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. आर.के. अभिलाषी, प्रो. चांसलर डॉ. एल.के. अभिलाषी, वाइस चांसलर प्रो. एच.के. चौधरी, रजिस्ट्रार डॉ. कपिल कपूर, जीनीयस एजुकेशन सोसाइटी की चेयरपर्सन डॉ. नर्वदा अभिलाषी, अभिलाषी एजुकेशन सोसाइटी की वाइस चेयरपर्सन डॉ. प्रोमिला अभिलाषी, सचिव नरेंद्र कुमार ने विभाग के सभी प्रोफेसरों व छात्रों को बधाई दी है।












