वरिष्ठ नागरिक परिषद की जिला बैठक 16 को, नई कार्यकारिणी के चुनावों पर होगा विचार
वरिष्ठ नागरिक परिषद जिला मंडी की बैठक प्रधान रणपत सिंह राणा की अध्यक्षता में रविवार 16 मार्च को जेल रोड़ स्थित मांडव चेरीटेबल ट्स्ट के ज्येष्ठ एवं वरिष्ठ नागरिक भवन में होगी। यह जानकारी देते हुए जिला महासचिव तेज सिंह गुप्ता ने बताया कि इस बैठक में जिला की नई कार्यकारिणी के चुनावों पर विचार विमर्श होगा तथा इसकी तारीख व स्थान तय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा हो चुका है। सभी जिला की इकाइयों से कहा गया है कि जिनके चुनाव हो चुके हैं वह अपने चयनित सदस्यों की सूची साथ लेकर आएं। कहा गया है कि सभी इकाईयों के प्रधान व सचिव इस बैठक में अपनी उपस्थिति जरूर दर्ज करवाएं क्योंकि राज्य स्तर पर वरिष्ठ नागरिक परिषद का गठन हो चुका है ऐसे में आगामी कार्यवाही को लेकर जरूरी रणनीति बनाई जानी है। सभी इकाईयां अपने अपने स्तर पर जो भी समस्याएं या मांगे हैं उनकी सूचि साथ लेकर आएं ताकि उसे जिला व राज्य स्तर पर हल करवाने के लिए एजेंडे डाला जा सके। बैठक का समय साढ़े 11 बजे रखा गया है ऐसे में सभी से समय पर इस बैठक में आने का आग्रह किया गया है।












