चौहार घाटी में पशु चिकित्सालय खोलने की मांग
चौहार घाटी में पशु चिकित्सालय खोलने की मांग काफी समय से चली आ रही है। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्राथमिकता के आधार पर पशु चिकित्सालय खोलने की एक बार फिर से सरकार से मांग उठाई है। इस अति दुर्गम घाटी की चार पंचायतों खलैहल, बरोट, लपास तथा वरधान के अंतर्गत लगभग 60 गांव आते हैं। यहां के लोगों का मुख्य व्यवसाय पशुपालन व खेतीबाड़ी करना है, मगर पशु चिकित्सालय न होने से पशुपालकों को पशुओं के बीमार होने पर काफी परेशानी उठानी पड़ती है। पशुपालक गुड्डू राम, सुंदर लाल, शेर सिंह, पृथ्वी पाल, लछमन राम तथा धनी राम का कहना है कि सरकार ने घाटी में पशु औषधालय तो खोल रखे हैं मगर इनमें पर्याप्त मात्रा में दवाइयां नहीं मिल पाती है ऐसी स्थिति में पशुपालकों को 40 से 50 किलोमीटर दूर पद्धर या फिर जोगिंद्रनगर जाना पड़ता है। बरोट पंचायत के प्रधान डाक्टर रमेश ठाकुर, लपास पंचायत के प्रधान रमेश चंद, वरधान पंचायत के प्रधान अनिल कुमार व घाटी के समस्त पशुपालकों ने सरकार से आग्रह किया है कि इस घाटी के पशु पालकों के साथ अन्याय न करते हुए चौहार घाटी के पशुपालकों की बेहतर सुविधा के लिए बरोट में एक बेहतर पशु चिकित्सालय को प्राथमिकता के आधार पर खोला जाए। उन्होंने कहा कि हालांकि सरकार ने घाटी के दूसरे छोर थल्टूखोड़क्षेत्र अंतर्गत आने वाली मात्र तीन पंचायतों तथा साथ लगती जिला कांगड़ा की छोटाभंगाल घाटी में स्थित मात्र सात पंचायतों के पशुपालकों की बेहतर सुविधा के लिए सरकार ने लगभग छह वर्ष ही पशु चिकित्सालय खोल रखा है, जिससे इस घाटी के लोगों को भरपूर सुविधा भी मिल रही है।












