मानसिक रूप से दिव्यांग युवती के इलाज व शेल्टर होम में रखने की मांग
हिमालयन दिव्यांग कल्याण एसोसिएशन ने मंगलवार को उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन से मुलाकात कर एक मानसिक रूप से दिव्यांग युवती के इलाज और शेल्टर होम में रहने की व्यवस्था की मांग की। संस्था के पास हाल ही में गणित प्रवक्ता सविता (राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, रंधाड़ा) के माध्यम से जानकारी पहुंची कि लता देवी (34), पुत्री स्व. वासुदेव, जो 70 प्रतिशत मानसिक दिव्यांगता से ग्रसित है, गंभीर संकट में है। बचपन में माता-पिता के देहांत के बाद उसके मामा ने उसकी देखभाल की, लेकिन अब वे स्वयं अधरंग के मरीज हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी या तो बेरोजगार हैं या गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं, जिससे उसकी देखभाल संभव नहीं हो पा रही है। लता देवी अक्सर सड़क पर घूमती देखी जाती है, जिससे उसकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। संस्था ने प्रशासन से अपील की है कि युवती का उचित इलाज करवाया जाए और उसे महिला शेल्टर होम में सुरक्षित आश्रय दिया जाए, ताकि उसे आवश्यक देखभाल और चिकित्सा सुविधा मिल सके।












