थाना पलोन प्रोजेक्ट का 18 करोड़ का टेंडर मुख्यमंत्री की देन
लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जो मांगा गया, वह जोगिंद्रनगर को मिला। उन्होंने कहा कि थाना पलोन प्रोजेक्ट का 18 करोड़ रुपए का टेंडर मुख्यमंत्री की देन है, जिससे क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी।
जोगिंद्रनगर में कार्यालय खुलने से होगी लाखों की बचत
जीवन ठाकुर ने बताया कि यदि यह कार्यालय कोटली में खुलता है, तो कर्मचारियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे कार्यप्रणाली प्रभावित होगी। वहीं, अगर जोगिंद्रनगर में कार्यालय स्थापित होता है, तो सालाना 12 से 15 लाख रुपए की बचत होगी और आम जनता को भी इसका लाभ मिलेगा।
600 से अधिक महिला मंडलों को 20-20 हजार की सहायता
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने 600 से अधिक महिला मंडलों के खातों में 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि डाली है, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
20 वर्षों बाद चुला प्रोजेक्ट में बिजली उत्पादन शुरू
जीवन ठाकुर ने कहा कि 20 साल के लंबे इंतजार के बाद चुला प्रोजेक्ट में बिजली उत्पादन शुरू हो गया है। इस परियोजना से कुछ ही दिनों में बोर्ड को 6 करोड़ रुपये की आमदनी हो चुकी है, जिससे क्षेत्र की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
थाना पलोन प्रोजेक्ट कार्यालय के लिए निरीक्षण जल्द
उन्होंने कहा कि थाना पलोन प्रोजेक्ट को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है और जल्द ही बीबीपीसीएल की इमारत में इसका कार्यालय स्थापित किया जाएगा। इसके लिए एक कमेटी गठित की गई है, जो दो दिनों में निरीक्षण कर रिपोर्ट देगी।
डॉक्टरों के लिए बनेंगे नए आवास
जीवन ठाकुर ने बताया कि जोगिंद्रनगर अस्पताल में डॉक्टरों के लिए नए आवास बनाने के प्रयास जारी हैं, और जल्द ही इस पर मंजूरी मिलने की संभावना है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर किया जा सकेगा।
पंचायत प्रधानों ने की मुख्यमंत्री से मांग
उन्होंने बताया कि जोगिंद्रनगर में थाना पलोन प्रोजेक्ट कार्यालय स्थापित करने की मांग व धन्यवाद को लेकर सभी पंचायतों के प्रधानों ने हस्ताक्षर कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है।
यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई संघ के छात्रों ने कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर के जन्मदिन के उपलक्ष में जोगिंदर नगर सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए। इसके अलावा, जीवन ठाकुर ने सर्वप्रथम मतेहड पंचायत में जाकर जन्मदिन मनाया और वहां स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना।












