जियो पेट्रोल पंप दिलाने के नाम पर 13 लाख की ठगी, मामला दर्ज
साइबर क्राइम को लेकर बेशक चाहे पुलिस सोशल और प्रिंट मीडिया पर लगातार कई महीनों से लोगों को बचाने की सलाह दे रही है, परंतु अभी भी इतने मूर्ख लोग हैं जो इस ठगी का लगातार शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही मामला हटली क्षेत्र में हुआ है मामले अनुसार पुलिस थाना हटली के तहत एक व्यक्ति के साथ जियो पेट्रोल पंप खोलने के नाम पर 13.09 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता आशीष शर्मा पुत्र मनोज कुमार शर्मा निवासी खुडला तहसील बलद्वाड़ा जिला मंडी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपनी माता अंजना शर्मा के नाम पर जियो पेट्रोल पंप खोलना चाहता था।शिकायत के अनुसार, आशीष को जियो पेट्रोल पंप की साइट के सिलसिले में कुछ लोग संपर्क कर रहे थे। राहुल नाम के एक व्यक्ति ने उसे फोन कर दस्तावेज मेल करने को कहा। साथ ही वरुण गुप्ता और राहुल नामक व्यक्तियों ने बार-बार फोन करके विभिन्न मदों में शुल्क जमा करने की मांग की। इस पर आशीष ने उनके खाते में कुल 13,09,700 रुपए जमा कर दिए।
बाद में जब उसे किसी ने बताया कि जियो कंपनी इस तरह बार-बार शुल्क नहीं मांगती, तो उसे धोखाधड़ी का शक हुआ। ठगी का अहसास होते ही उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने वरुण गुप्ता और राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस ठगी के पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं है।












