सुंदरनगर में 'खालिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाने का मामला, 4 गिरफ्तार, 6 नाबालिगों की पहचान
जिला मंडी के नगर परिषद क्षेत्र सुंदरनगर में खालिस्तान जिंदाबाद के विवादित नारे लगने वाले प्रकरण में पुलिस ने एक बड़ा खुलासा किया है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने मामले में संलिप्त सभी 10 आरोपियों की शिनाख्त कर ली है। हैरानी बात यह है कि मामले में 6 आरोपी नाबालिग हैं और अधिकतर झुग्गी-झोपड़ी और एक सुंदरनगर का स्थाई निवासी है। पुलिस ने अन्य 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। नाबालिगों को पुलिस ने नियमानुसार उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। आरोपियों से प्रारंभिक जांच में पुलिस को विवादित नारेबाजी के पीछे किसी से कोई तार जुड़े नहीं पाए गए हैं। वहीं पुलिस थाना सुंदरनगर ने सब डिवीजन न्यायालय के अधिवक्ता जितेंद्र शर्मा के शिकायत पत्र के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 समुदायों में धार्मिक आधार पर घृणा को बढ़ावा देने के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता जितेंद्र शर्मा पुत्र रमेश चंद शर्मा गांव खतरवाड़ी डाकघर अप्पर बैहली तहसील सुंदरनगर जिला मंडी एवं अधिवक्ता सब डिविजनल न्यायालय परिसर सुंदरनगर ने पुलिस को दिए अपने शिकायत पत्र में कहा है कि बीते 22 मार्च को सुंदरनगर शहर के भोजपुर बाजार में खालिस्तान समर्थक नारे लगाए गए हैं। जितेंद्र शर्मा का कहना है कि यह घटना क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए खतरे का संकेत हो सकती है और समाज में एकता तथा भाईचारे को बिगाड़ने का प्रयास हो सकता है। उन्होंने शिकायत में कहा कि इस घटना से शहर की कानून व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। इसके परिणामस्वरूप समाज में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो सकती है। इस आधार पर पुलिस थाना सुंदरनगर ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
आखिर क्या है मामला
राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला सुंदरनगर की पहली सांस्कृतिक संध्या खत्म होने के बाद बीते शनिवार को युवाओं की एक टोली ने सुंदरनगर शहर के भोजपुर में पर सरेआम खालिस्तान जिंदाबाद के विवादित नारे लगाए थे। इस कारण पूरी रात सुंदरनगर शहर के लोगों डर का माहौल बना रहा। यह घटना शनिवार देर रात 10 और 11 बजे के मध्य पेश आई थी। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने नगर परिषद सुंदरनगर के भोजपुर बाजार से लेकर अन्य क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच और लोगों से प्राप्त जानकारी के बाद विवादित नारेबाजी में संलिप्त आरोपियों की शिनाख्त की गई। इसके उपरांत पुलिस ने जांच अमल में लाते हुए अब सभी आरोपियों की शिनाख्त कर ली है।












