निराशाजनक रहा एनएचएम कर्मचारियों के लिए बजट: गुलेरिया
राज्य स्वास्थ्य समिति (एनएचएम) अनुबंध कर्मचारी संघ हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष नवनीत गुलेरिया ने बजट को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों के लिए निराशाजनक करार दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री से इस बजट में एनएचएम कर्मचारियों के लिए बजट को लेकर बड़ी उम्मीदें थी। प्रदेश भर में एनएचएम के तहत लगभग 2700 कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन हर बार कर्मचारी अपने आप को ठगा सा महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आज जितने भी स्वास्थ्य क्षेत्र में पुरस्कार प्राप्त कर रही है, वह एनएचएम कर्मचारियों की मेहनत से हासिल किए जा रहे हैं। आज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत लगे बहुत कर्मचारी अपना सारा जीवन इस स्वास्थ्य विभाग में कार्य करने के बाद खाली हाथ सेवानिवृत्त भी हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया है कि एनएचएम कर्मचारियों के लिए जल्द ही पॉलिसी की घोषणा की जाए, अन्यथा आने वाले समय में प्रदेश भर के सभी एनएचएम कर्मचारियों को मजबूरन सड़कों पर उतर कर आंदोलन करना पड़ेगा।












