भ्रष्टाचार और माफियाराज पर झूठी बयानबाजी बंद करें भाजपा: विकास राही
मंडी जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष विकास राही ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के नेता लगातार निराधार आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा दिए गए बयान में सच्चाई से कोसों दूर है। जबकि कांग्रेस सरकार जनता की भलाई और प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। जिन मामलों में भ्रष्टाचार की बात सामने आई, वहां त्वरित कार्रवाई की गई है और दोषियों को कानून के दायरे में लाया गया है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से सवाल किया है कि वे बताएं कि कोरोना महामारी के दौरान जब जनता संकट में थी, तब पीपीई किट घोटाला किसके राज में हुआ? जनता की जान बचाने वाली किट्स में भ्रष्टाचार करके किसने मुनाफा कमाया? उस समय की बीजेपी सरकार ने पीपीई किट्स की खरीद में बड़े स्तर पर अनियमितताएं कीं, जिसका खुलासा होते ही प्रदेश शर्मसार हो गया। इसके अलावा, बीजेपी के शासनकाल में पेपर लीक, खनन माफिया और अवैध कब्जे चरम पर थे। कांग्रेस सरकार ने आते ही इन पर सख्त कार्रवाई शुरू की, जिससे प्रदेश में माफियाराज की कमर टूट गई। अब जब सरकार ईमानदारी से काम कर रही है, तब बीजेपी बौखलाहट में झूठे आरोप लगा रही है। युवा कांग्रेस मंडी यह स्पष्ट करना चाहती है कि कांग्रेस पार्टी के लिए जनता की सेवा और प्रदेश का विकास सर्वोपरि है। विपक्ष को चाहिए कि वह तथ्यहीन आरोप लगाने के बजाय रचनात्मक राजनीति करे और प्रदेश की भलाई के लिए सहयोग करे।












